सिरसागंज/फिरोजाबाद। थाना सिरसागंज के ग्राम नगला तुला में बुआ के घर आए पति ने पत्नी की फावेड़े से काटकर निर्मम हत्या कर दी। हत्या के बाद ग्रामीणों ने भाग रहे पति को पकड़ कर पुलिस को सौंप दिया। पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया है। हत्या के पीछे पति और पत्नी के बीच विवाद बताया जा रहा है।
जिला इटावा थाना फ्रेंड्स कालोनी क्षेत्र के ग्राम पचावली निवासी इंद्रपाल पुत्र पंचम सिंह राजपूत शनिवार रात अपने फूफा थाना सिरसागंज क्षेत्र के नगला तुला निवासी बिहारीलाल पुत्र दिलावर सिंह के घर आया था। देर रात ही इद्रपाल की पत्नी सुशीला अपनी सास के साथ नगला तुला पहुंच गई। शनिवार रात दंपति में विवाद होने पर रिश्तेदारों में समझा कर शांत करा दिया था। पत्नी पति को घर ले जाने की जिद पर अड़ी थी।
आरोप है कि रविवार दोपहर विवाद के दौरान इंद्रपाल ने पहले सुशीला का रस्सी से फंदा लगाकर हत्या करने की कोशिश की, लेकिन जब वो बेहोश हो गई तो इंद्रपाल ने फावड़े से गले पर प्रहार कर दिया। इसके चलते उसकी मौके पर मौत हो गई। हत्या की सूचना पर ग्रामीणों ने इंद्रपाल को पकड़ लिया। सूचना पर एसपी ग्रामीण महेंद्र सिंह, सीओ अजय चौहान, एसओ रवींद्र दुबे मौके पर पहुंचे।
पुलिस ने पति इंद्रपाल को हिरासत में लेने के साथ आला कत्ल कब्जे में ले लिया है। सीओ अजय चौहान ने कहा इंद्रपाल और उसकी पत्नी सुशीला में विवाद होता था और यही हत्या का मुख्य कारण है। पुलिस ने प्रधान अजंट सिंह की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
हत्यारोपी इंद्रपाल ने थाने में कहा कि वो शनिवार को घर वापस जा रहा था, लेकिन पीछे बदमाश लगे थे। इसके कारण वो लौट आया। लेकिन पत्नी सुशीला और मां जबरन गांव ले जाना चाहते थे। पत्नी विवाद करने लगी इस कारण हत्या कर दी। चर्चा यह भी कि इंद्रपाल जमीन बेच कर आया था और पैसों को लेकर विवाद हुआ था।
थानाध्यक्ष सिरसागंज रवींद्र दुबे ने बताया इंद्रपाल ने जिस वक्त अपनी पत्नी सुशीला की हत्या की उस समय बुआ का बेटा नरेंद्र पुत्र बिहारीलाल राजपूत घर पर नहीं थे। उसने अकेलेपन का लाभ उठाकर पत्नी की फावड़े से प्रहार कर हत्या कर दी।