फिरोजाबाद। नो ड्यूज के नाम पर अवैध वसूली मामले की जांच शुरू हो गई है। वार्ड नंबर 15 के नवनिर्वाचित पार्षद शशीकांत की शिकायत पर नगर आयुक्त मामले की जांच अपर आयुक्त को सौंपी है। वहीं आरोपी बाबू से तीन दिन में स्पष्टीकरण तलब किया गया है।
नगर निकाय चुनाव की घोषणा के बाद नगर निगम में नो-ड्यूज के नाम पर जमकर अवैध वसूली हुई। वार्ड नंबर 15 से नामांकन करने के लिए शशिकांत ने आवेदन किया तो टैक्स विभाग के बाबू ने 10 हजार रुपये की डिमांड की। छह हजार में सौदा तय हुआ, लेकिन रसीद मात्र 2200 रुपये की दी गई। शपथ ग्रहण के दूसरे दिन नवनिर्वाचित पार्षद शशिकांत नगर निगम पहुंचे। अपर आयुक्त प्रमोद कुमार से शिकायत की।
उन्होंने कहा कि शेष धनराशि वापस कराई जाए, अन्यथा सीएम से शिकायत की जाएगी। पार्षद से अवैध वसूली का मामला नगर आयुक्त जितेंद्र कुमार के पास पहुंचा। उन्होंने मामले की गंभीरता को देखते हुए अपर आयुक्त प्रमोद कुमार को जांच सौंप दी। नगर आयुक्त ने आरोपी बाबू से तीन दिन में स्पष्टीकरण मांगा है। नगर आयुक्त ने बताया कि जांच रिपोर्ट और बाबू का स्पष्टीकरण आने के बाद मामले में कार्रवाई की जाएगी।