50 लाख रुपये की गैर प्रांतीय शराब बरामद
- फोटो : अमर उजाला
एटा। पुलिस ने मुठभेड़ कर दो शराब तस्करों समेत गैर प्रांत की शराब की एक हजार पेटी बरामद की। इनकी कीमत पचास लाख रुपये की बताई जा रही है। शराब को तस्कर हरियाणा से बिहार लेकर जा रहे थे। एसएसपी ने पुलिस टीम को पच्चीस हजार रुपये का इनाम देने की घोषणा की है।
पुलिस लाइन में पत्रकारों से मुखाबित एसएसपी अखिलेश चौरसिया ने बताया कि थाना पिलुआ पुलिस सुन्ना नहर पुल के पास वाहनों की चेकिंग कर रही थी। तभी वहां से गुजर रहे एक ट्रक को पुलिस ने रोकने का प्रयास किया। इस पर ट्रक में सवार लोगों ने पुलिस पर फायर कर दिया। इसके बाद पुलिस ने पीछा कर ट्रक को पकड़ लिया। तलाशी लेने पर ट्रक में गैर प्रांतीय शराब बरामद की। इसके साथ ही पुलिस ने ट्रक में सवार आरोपी मेलचंद निवासी सतके नगला थाना नरवाना जिला जींद हरियाणा और पवन जाट निवासी गेवीनगर थाना नारजोल हिसार हरियाणा को गिरफ्तार कर लिया। इनके पास से तमंचा और कारतूस भी बरामद किए गए हैं। थाना प्रभारी सुधीर कुमार ने बताया कि पकड़े ट्रक से एक हजार शराब की गैंर प्रांतीय पेटी बरामद की गई है। इनकी अनुमानित कीमत पचास लाख रुपये बताई गई है। एसएसपी ने बताया कि शराब को तस्कर हरियाणा से बिहार प्रांत में लेकर जा रहे थे।