फिरोजाबाद। चंद्रवार गेट पुल के निकट मीट की दुकानें संचालित होने की शिकायत नगर विकास मंत्री पहुंची। नगर विकास मंत्री का आदेश मिलने पर शुक्रवार को नगर निगम की टीम ने तत्काल मौके पर पहुंच कर मीट की दुकानें बंद कराईं।
प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के सख्त निर्देश के बाद भी नगर निगम सीमा की नई आबादी और घनी बस्तियों में मीट की दुकानें खुलेआम चल रहीं हैं। शासन द्वारा निर्धारित मानकों को ताक पर रखकर मीट की दुकानें धड़ल्ले से चल रही हैं। हाइवे, मुख्य मार्गों और गली-मोहल्लों में मीट की दुकानें संचालित होने से आसपास के लोगों के साथ राहगीर दुर्गंध से परेशान हैं।
चंद्रवार गेट पुल के निकट वर्षों से मीट की दुकानें चल रहीं हैं। दुकानों से उठती दुर्गंध से परेशान क्षेत्रीय लोगों ने नगर विकास मंत्री, जनपद के प्रभारी मंत्री नीलकंठ तिवारी, प्रमुख सचिव प्रशासन जितेंद्र कुमार से मीट की दुकानें बंद कराने के संबंध में शिकायती पत्र भेजा। नगर विकास मंत्री का पत्र मिलने के बाद सेनेटरी इंस्पेक्टर महेश कुमार टीम को लेकर मौके पर पहुंचे। उन्होंने तत्काल मीट की दुकानें बंद करने के निर्देश दिए। दुकानदारों ने दो दिन की मोहलत मांगी, लेकिन राहत दी नहीं दी गई। सेेनेटरी इंस्पेक्टर ने दुकानें बंद कराने के बाद नगर आयुक्त और अपर आयुक्त को रिपोर्ट सौंप दी है।