कोसीकलां (मथुरा)। नगर में दो संभावित प्रत्याशियों द्वारा निकाय चुनाव के तहत आचार संहिता के उल्लंघन की शिकायतों पर तहसील प्रशासन दौड़ पड़ा। एसडीएम ड़ा. राजेंद्र पेंसिया टीम को लेकर कोसी पहुंचे। जहां उन्होंने दोनों शिकायतों को लेकर जांच पड़ताल शुरू की। वहीं, उन्होंने फुटपाथ पर हो रहे अतिक्रमण को भी हटाने के लिए दुकानदारों को चेतावनी दी। एसडीएम डा. राजेंद्र पेंसिया को निकाय चुनाव में संभावित प्रत्याशी तरुण सेठ और नरेंद्र कुमार के खिलाफ आचार संहिता का उल्लंघन करने की शिकायत मिली थी। बुधवार की शाम को वे दोनों ही शिकायतों की जांच के लिए पहुंचे।
एसडीएम ने बताया कि तरुण सेठ के बारे में सरकारी आवास एवं अन्य योजना के फार्म वितरित करने की शिकायत मिली। वहीं, नरेंद्र कुमार के खिलाफ प्रचार सामग्री चस्पा एवं वितरण किए जाने की शिकायत मिली है। जांच की जा रही है। दोषी पाए जाने पर उनके खिलाफ कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
इसी दौरान उन्होंने पुराना जीटी रोड पर फुटपाथ पर अतिक्रमण किए बैठे दुकानदारों को भी चेताया। कहा कि दुकानदार अतिक्रमण स्वत: हटा लें। इस दौरान उनके साथ सीओ चंद्रधर गौड, ईओ नरेश यादव, स्वास्थ्य निरीक्षक राकेश कुमार थे।