मैनपुरी। उपभोक्ता फोरम द्वारा जारी की गई 113500 रुपये की आरसी की प्रशासन वसूली नहीं कर रहा है। आरोपी के पास पर्याप्त संपत्ति होने के बाद भी वसूली नहीं किए जाने के बाद फोरम अध्यक्ष ने डीएम को पत्र लिखकर कार्रवाई करने को कहा है।
थाना दन्नाहार के जसवंतपुर सगौनी निवासी श्यामवीर सिंह ने उपभोक्ता फोरम में शिकायत करके कहा उसने साईं बाबा ब्रिक्स नगला कुशल के मैनेजर रामनरेश को 50 हजार ईंट खरीदने के लिए एक लाख रुपया जमा किया था। मैनेजर ने उसको प्राप्ति रसीद भी दी थी। बाद में मैनेजर ने न तो ईंट दी और न ही रुपये वापस किए। श्यामवीर ने अधिवक्ता देवेंद्र सिंह कटारिया के माध्यम से की गई शिकायत में न्याय दिलाने की मांग की।
उपभोक्ता फोरम ने 22 जून 2015 को आदेश दिया कि रामनरेश एक लाख रुपया शिकायत से भुगतान की तिथि तक छह प्रतिशत ब्याज सहित अदा करे। मानसिक कष्ट के 3000 तथा शारीरिक कष्ट के 2000 रुपये भी अदा करे। रामनरेश द्वारा धनराशि का भुगतान नहीं करने पर श्यामवीर ने दोबारा फोरम की शरण ली।
22 जुलाई 2016 को फोरम ने डीएम को पत्र लिखकर कहा रामनरेश के पास बैंक खाता, चल अचल संपत्ति, फर्नीचर आदि उपलब्ध है। आरसी की हर हाल में वसूली कर चार अगस्त 2016 तक फोरम में जमा करें। जिसके बाद भी आरसी की वसूली नहीं की गई। फोरम अध्यक्ष ने एक बार फिर डीएम को पत्र लिखा है।