मथुरा। गांव चुरमुरा के निकट टैंकरों से चोरी किया गया 120 लीटर केरोसिन पकड़ा गया। पुलिस की सूचना पर पहुंचीं पूर्ति निरीक्षक ने दो लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। रिफाइनरी से पेट्रोलियम पदार्थों की आपूर्ति विभिन्न शहरों में टैंकरों के माध्यम से भी की जाती है। इसमें डीजल, पेट्रोल के साथ केरोसिन भी शामिल है। टैंकर चालक रोड किनारे के ढाबों के आसपास पेट्रोलियम पदार्थों की चोरी करते हैं। दो दिन पहले फरह पुलिस ने चुरमुरा पर गोविंद ढाबे के निकट 120 लीटर केरोसिन पकड़ा। पुलिस की सूचना पर पहुंचीं पूर्ति निरीक्षक ने देवेंद्र गुर्जर और धर्मेंद्र के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। गौरतलब रहे कि जिले में यह कार्य बडे़ स्तर पर किया जा रहा है। मथुरा-बरेली मार्ग, मथुरा-भरतपुर मार्ग, दिल्ली-आगरा राष्ट्रीय राजमार्ग के साथ प्रमुख लिंक रोड पर इस तरह पेट्रोलियम पदार्थों की चोरी की जा रही है।