मैनपुरी। स्टेशन रोड स्थित गिहार कालोनी में शुक्रवार को बच्चों का परीक्षण किया गया। वजन कराने के साथ ही उनके स्वास्थ्य की जांच की गई। 12 से अधिक बच्चों के परीक्षण के बाद में आठ बच्चे कुपोषित श्रेणी के मिले। एसडीएम सदर अमित सिंह ने आंगनबाड़ी कार्यकर्ता को कमजोर बच्चों की देखभाल करने के निर्देश दिए। साथ ही मौके पर ही पुष्टाहार वितरित कराया।
शुक्रवार को एसडीएम सदर अमित सिंह, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता प्रभात कुमारी, बाल संरक्षण अधिकारी अल्का मिश्रा टीम के साथ गिहार कालोनी पहुंचे। गिहार कालोनी में पहुंचकर उन्होंने बच्चों का वजन कराया। बच्चों का स्वास्थ्य का परीक्षण किया गया। कालोनी में मिले एक दर्जन से अधिक बच्चों के परीक्षण में आधे से अधिक बच्चे कमजोर पाए गए। एसडीएम ने नाराजगी जताते हुए कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ता की जिम्मेदारी है कि वह क्षेत्र के बच्चों के बारे में जानकारी रखे। समय-समय पर बच्चों का परीक्षण किया जाए। उनके शिक्षा और स्वास्थ्य की जांच की जाए। जो बच्चे कमजोर पाए जाएं उनको सुविधाएं मुहैया कराईं जाएं। शासन की मंशा के अनुरूप कमजोर बच्चों को सामान्य बच्चों की श्रेणी में लाने के प्रयास किए जाएं।
मौके पर मिले बच्चों के अभिभावकों से कहा कि बच्चों के स्वास्थ्य के साथ ही उनकी शिक्षा पर भी जोर दिया जाए। शिक्षा और स्वास्थ्य के लिए जागरूक हों किसी भी समस्या के आने पर एसडीएम से संपर्क कर सकते हैं। बच्चों के भविष्य के साथ खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। एसडीएम ने मौके पर ही बच्चों को पुष्टाहार वितरित कराया। साथ ही महिलाओं से कहा कि वे एक स्वयं सहायता समूह बनाएं और उनसे संपर्क करें। डूडा से उन्हें स्वरोजगार के लिए ऋण दिलाया जाएगा। ताकि उनकी आय में वृद्धि हो।