मथुरा। सांसद हेमामालिनी के आदर्श गांव रावल में ‘निर्माण घोटाला’ पकड़ा गया है। इस गांव में जो शौचालय बने हैं उनमें दो गड्ढों की जगह एक गड्ढा बनाया गया है। इतना ही नहीं पैंतीस लाख की कीमत से जो हाल बन रहा था उसमें भी घटिया सामग्री लगाई गई है। सोलर लाइट भी ऐसी लगाई गईं जो कुछ ही दिनों में दम तोड़ गई हैं।
सांसद के आदर्श गांव रावल को पिछले साल खुले में शौचमुक्त अभियान में शामिल कर 150 से अधिक शौचालय बनवाए गए। शुक्रवार सुबह सीडीओ यशु रुस्तगी गांव रावल का औचक निरीक्षण करने पहुंची तो वहां बनाए गए शौचालय का डिजाइन गलत मिला।
उसमें सोख्ता के लिए बनाए गए गड्ढों में ढलान 45 अंश के सापेक्ष 15 से 20 अंश मिला। साथ ही शौचालय निर्माण में दो गड्ढे खोदकर पक्का करना था, उसमें एक ही गड्ढा मिला।
गांव में सांसद हेमा मालिनी की ओर से 35 लाख से बनवाए जा रहे हाल में घटिया निर्माण पाया गया। प्लास्टर के बाद उस पर पुट्टी नहीं की गई और सीधे पुताई कर दी गई। आंगनबाड़ी केंद्र अधूरे पड़े मिले।
रिफाइनरी की ओर से लगाईं 35 सोलर लाइट खराब
सांसद के आदर्श गांव रावल की गलियों को रोशन करने के लिए रिफाइनरी ने सीएसआर फंड से चार माह पूर्व 65 सोलर लाइट लगवाईं। इन सोलर लाइट में से 35 खराब मिलीं। सीडीओ ने बताया कि इसके लिए रिफाइनरी को पत्र लिखा जा रहा है।