जसराना। जसराना में एक निजी अस्पताल पर किशोरी का गर्भपात होने का मामला प्रकाश में आने से स्वास्थ्य विभाग हरकत में आ गया। विभाग ने जसराना के फरिहा रोड स्थिति चिकित्सालय पर छापा मारा। छापामारी से जसराना के चिकित्सकों में हड़कंप मचा रहा। अधिकांश अस्पताल बंद मिले।
जसराना में अवैध रूप से गर्भपात के अड्डे चलने की जानकारी होने पर हरकत में आए मुख्य चिकित्साधिकारी ने अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. आरएन गुप्ता को जसराना में सोमवार को जांच के लिए भेजा। एसीएमओ के आने से पहले ही जसराना में उनके आने की सूचना पहुंच गई। अधिकांश डॉक्टरों ने अपनी दुकानें पहले ही बंद कर दी। वहीं फरिहा रोड पर चलने वाले कई नर्सिंग होमों को पकड़ने का प्रयास किया गया लेकिन सभी बंद मिलने से कोई कार्रवाई नहीं हो सकी। गर्भपात मामले में संलिप्त होने के आरोपी निजी अस्पताल को भी बंद मिलने से कोई कार्रवाई नहीं हो सकी। एसीएमओ ने आसपास के लोगों से बात कर मामले की तहकीकात की।
एसीएमओ डॉ. आरएन गुप्ता ने कहा कि आरोपी अस्पताल बंद मिला है। सघन चेकिंग अभियान चलाकर अवैध रूप से अभ्यास कर रहे डॉक्टरों पर शिकंजा कसने का कार्य किया जाएगा। वहीं संबंधित डॉक्टर को नोटिस भेजकर उसकी डिग्री एवं पंजीकरण के बारे में पूछा जा रहा है।