फिरोजाबाद। सरकारी राशन का चावल आटा चक्की तक पहुंच रहा है। एक शिकायत के बाद पुलिस लेकर छापा मारने गए पूर्ति विभाग की टीम ने हिमायूंपुर स्थित आटा चक्की से भारी मात्रा में चावल बरामद किया है। यह चावल राशनकार्ड धारकों ने ही बेचा था। कार्डधारक चावल बेचकर आटा खरीद रहे हैं।
भाजयुमो के पूर्व महानगर अध्यक्ष यतेंद्र उर्फ पिंकी चक ने पुलिस को सूचना दी कि हिमायूंपुर स्थित बॉबी राठौर की आटा चक्की पर राशन दुकानदारों ने चावल की बिक्री की है। इस शिकायत पर थाना दक्षिण पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। इधर काफी संख्या में महिलाएं आटा चक्की संचालक बॉबी राठौर के पक्ष में एकत्रित हो गई।
महिलाओं का कहना था कि राशन की दुकान से आने वाले चावल को इसी चक्की पर बिक्री करके हम आटा ले जाते हैं। हंगामा व इसकी जानकारी डीएम नेहा शर्मा के संज्ञान में आने के बाद उन्होंने जिला पूर्ति अधिकारी केपी मिश्रा को टीम भेजकर मामले की जांच कराने के आदेश दिए हैं। डीएम के आदेश पर पूर्ति निरीक्षक रिषीपाल सिंह मौके पर पहुंचे। मामले की पड़ताल की।
उनका कहना है कि चक्की पर मिला चावल राशन का था यह खुद दुकानदार ने भी स्वीकारा है लेकिन वह चावल किसी राशन डीलर ने नहीं बल्कि क्षेत्र के कार्डधारकों ने ही आटा के बदले दिया था। कार्ड धारकों के बयान दर्ज कराए गए हैं।