आसपास व अन्य केंद्रों के ध्यानार्थ
ताजनगरी में भारत-रूस की दोस्ती का प्रदर्शन
- दोनाें देशों की मित्रता के 70 वर्ष पूरे होेने पर सेंट एंड्रूज पब्लिक स्कूल में सांस्कृतिक कार्यक्रम हुए
अमर उजाला ब्यूरो
आगरा। भारत हर स्तर पर चीन को अपनी मजबूती का एहसास करा रहा है। मंगलवार को ताजनगरी में भारत-रूस के बीच की दोस्ती का प्रदर्शन किया गया। सेंट एंड्रयूज स्कूल, बरौली अहीर में आयोजित वर्ल्ड स्कूल कांबेट गेम्स के दौरान भारत और रूस के छात्राें ने दोनों देशों की मित्रता के 70 वर्ष पूरे होने पर साझा सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए।
गेम्स में चीन, ब्राजील, यूएई और फ्रांस के छात्र-छात्राएं भी हिस्सा ले रहे हैं। सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से भारत और रूस के प्रगाढ़ रिश्तों की झांकी दिखाई गई। स्कूल गेम्स फेडरेशन ऑफ इंडिया के महासचिव डा. राजेश मिश्रा और संयोजक डा. गिरधर शर्मा ने रूस के प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों को पगड़ी और माला पहनाई। प्रधानाचार्य साहिबा खान ने स्वागत भाषण दिया। रूस की टीम की मुखिया कैथरीन ने कहा कि भारत और रूस विपत्ति में हमेशा एक-दूसरे के साथ खड़े रहे हैं। दोनों एक-दूसरे के उद्देश्यों की पूर्ति मित्र देशाें के रूप में करते रहे हैं।
दोनों देशों के विद्यार्थियों ने नृत्य और गीत प्रस्तुतियों से अपनी संस्कृति का प्रदर्शन किया। अपना-अपना राष्ट्रगान गाया। स्कूल की प्रबंध निदेशिका अपूर्वा शर्मा ने कहा कि भारत-रूस की मित्रता दोनाें देशों के लिए अमूल्य निधि है। कार्यक्रम में हरी सिंह यादव, गौरव दीक्षित, बीडी दुबे, मुईन खान, तृप्ता कालिया, अनीता मुद्गल, नविता गुप्ता, सविता सोलंकी की मौजूदगी रही।
भारत सरकार को दी जाएगी जानकारी
डा. गिरधर शर्मा ने बताया कि भारत सरकार की मंशा के अनुरूप ही साझा कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की सीडी भारत सरकार को भेजी जाएगी।