सौंख (मथुरा)। ग्राम पंचायत सींगा पट्टी की डेढ़ वर्ष में एक भी खुली बैठक नहीं बुलाई गई है। पंचायत के 10 सदस्यों ने प्रधान के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए डीएम से शिकायत की है।
सदस्यों ने जिलाधिकारी से मिलकर बताया कि प्रधान ने अभी तक ग्राम पंचायत समिति की एक भी बैठक नहीं बुलाई है। सदस्यों ने प्रधान बबीता देवी पर मनमानी करने का भी आरोप लगाया। कहा कि शौचालय बनवाने के नाम पर प्रधान पति ने गांववालों से दो-दो हजार रुपये सुविधा शुल्क के रूप में वसूले हैं।
भाजपा नेता हेमराज कुंतल ने 10 सदस्यों के साथ डीएम को शपथपत्र सौंपकर मामले की जांच और कार्यवाही की मांग की। शपथ पत्र सौंपने वाले सदस्यों में मनोज कुमार, चंद्रभान सिंह, दुलारी देवी, चंद्रवीर सिंह, किशन सिंह, पूजा, पूरन सिंह, राजकुमार, राम गोपाल, राजवीर सिंह शामिल रहे।
सींगापट्टी की प्रधान बबीता देवी के खिलाफ 10 ग्राम पंचायत सदस्यों ने शपथ पत्र देकर शिकायत की है। उसकी जांच चल रही है। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही डीएम द्वारा आगे की कार्यवाही की जाएगी।
डॉ. प्रीतम सिंह, जिला पंचायतराज अधिकारी, मथुरा