कोतवाली क्षेत्र स्थित पंजाब नेशनल बैंक की मुख्य शाखा से रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया कानपुर को भेजे गए कैश में 13 जाली नोट भेजे गए। आरबीआई ने जाली नोट पकड़ने के बाद एसपी को पत्र भेज कर कार्रवाई की मांग की। एसपी के आदेश पर बैंक प्रबंधक के खिलाफ कोतवाली में दो एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
शहर के क्लब घर स्थित पंजाब नेशनल बैंक की मुख्य शाखा / कैश चेस्ट से अप्रैल माह में रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया कानपुर को भेजे गए कैश में एक बार आठ और एक बार पांच जाली नोट भेजे गए। आरबीआई ने जांच में जाली नोट की पहचान कर ली। इसमें दो बार में प्राप्त सौ रुपये के कुल 13 जाली नोट शामिल थे। उक्त मामले में आरबीआई के प्रबंधक दावा अनुभाग निर्गम, महात्मा गांधी मार्ग कानपुर नगर द्वारा एसपी मैनपुरी को पत्र भेज कर कार्रवाई की मांग की गई। वहीं दोनों मामलों से जुड़े 100-100 के आठ और पांच कुल 13 जाली नोट नोट उपलब्ध कराते हुए संबंधित बैंक शाखा के प्रबंधक के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की बात कही गई। एसपी विनोद कुमार के आदेश पर बैंक प्रबंधक के खिलाफ रविवार को दो मुकदमे दर्ज किए गए। जांच इंस्पेक्टर एलओ अरविंद कुमार को सौंपी गई है।