नगला सदा सौज निवासी आरती के हाथों की मेंहदी भी नहीं छूटी थी कि शनिवार को मांग का सिंदूर ही उजड़ गया। सुखमय वैवाहिक जीवन के सपने देख रही नव विवाहिता के आंसू थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। पति की मौत पर यकीन नहीं कर पा रही है। उधर बेटे की असमय मौत से परिजन का रो-रोकर बुरा हाल है।
थाना किशनी क्षेत्र के गांव नगला सदा सौज निवासी आरती के साथ किस्मत ने बेहद क्रूर मजाक किया। 11 मई को दरवाजे पर सोनू बरात लेकर आया था। शादी की रस्मों के साथ ही मंत्र पढ़े गए थे। आरती और सोनू ने सात वचनों में कभी भी एक दूसरे का साथ न छोडने की कसमे
लीं थीं। लेकिन शनिवार को आरती के साथ जो हुआ, उस पर परिजन यकीन नहीं कर पा रहे हैं। पति की मौत के बाद से ही आरती के आंसू थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। मायके व ससुराल के लोग समझा कर हार चुके हैं। लेकिन आरती शायद सोनू की मौत पर यकीन नहीं कर पा रही है। उधर बहू को समझा रहे ससुरालीजन का भी घटना के बाद रो-रोकर बुरा हाल है।
-
पति की मौत की खबर सुन बेहोश हुई आरती
सोनू को करंट लगने की घटना के बाद शादी वाले घर में अफरा तफरी मच गई थी। वहीं नवविवाहिता आरती अनहोनी की आशंका से भयभीत हो गई थी। कुछ देर बाद जब पति सोनू के मौत की खबर मिली तो वह बर्दाश्त नहीं कर सकी। खबर सुनते ही वह बेहोश हो गई। किसी तरह से परिजन ने उसे संभाला। काफी देर बाद आरती को होश आया।