मथुरा। लोकसभा चुनाव में हजारों मतदाताओं के नाम वोटर लिस्ट से गायब होने के मामले मेें लोगों का गुस्सा बढ़ता जा रहा है। रिफाइनरी के पूर्व कर्मचारी ने दिल्ली हाईकोर्ट में अपना नाम वोटर लिस्ट से गायब करने के मामले में चुनाव आयोग के खिलाफ याचिका दाखिल की है। इस मामले में 26 अप्रैल को सुनवाई होनी है।
लोकसभा चुनाव में हजारों वोटरों के नाम मतदाता सूची से गायब थे। इसकी बहुत सी शिकायतें अधिकारियों से की गईं लेकिन वोटर लिस्ट मेें नाम नहीं बढ़ सका। गुरुनानक नगर निवासी राजेंद्र कुमार गौतम के अनुसार उनका नाम भी वोटर लिस्ट से गायब था। जबकि उनकी पत्नी ब्रजरानी गौतम तथा बेटा सिद्धार्थ गौतम का नाम था।
बीएलओ को सभी आवश्यक कागजात भी दिए गए लेकिन सुनवाई नहीं हो सकी। गौतम ने हाईकोर्ट को बताया कि चुनाव आयोग की लापरवाही से वह लोकतांत्रिक अधिकार से वंचित रह गए। दिल्ली हाईकोर्ट में दाखिल याचिका में उनके द्वारा चुनाव आयोग को पार्टी बनाया गया है।