वृंदावन/छटीकरा (मथुरा)। थाना वृंदावन कोतवाली के अंतर्गत स्कूल से घर लौटते समय लोडर की चपेट में आने से बाइक सवार छात्र की मौत हो गई, जबकि उसका साथी घायल हो गया। वहीं आरोपी लोडर का चालक गाड़ी छोड़कर भाग खड़ा हुआ।
15 वर्षीय अजय पुत्र योगेंद्र निवासी राल और उसका साथी 15 वर्षीय यशवीर उर्फ यीशू पुत्र नयन सिंह निवासी नगला रामताल कान्हा माखन पब्लिक स्कूल के छात्र थे। दोनों स्कूल की छुट्टी होने के बाद दोपहर करीब सवा तीन बजे पल्सर बाइक से घर लौट रहे थे।
तभी स्कूल के समीप ही सामने से आते लोडर ने उनकी पल्सर बाइक में टक्कर मारी दी, जिससे दोनों छात्र घायल हो गए। यह देख चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। स्थानीय लोग घायल अवस्था में दोनों छात्रों को नयति अस्पताल में भर्ती कराने ले गए। लेकिन अजय ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। यशवीर को इलाज के लिए भर्ती कराया गया है। छात्र कक्षा दस के विद्यार्थी बताए गए हैं। उधर, अजय के एक छोटा भाई और एक छोटी बहन है। फिलहाल पीड़ित परिवार की ओर से अब तक कोई तहरीर नहीं दी गई है। दसवीं के बच्चों को स्कूल में बाइक लाने की अनुमति नहीं है स्कूल में अभिभावकों के लिखित प्रार्थना पत्र पर सिर्फ कक्षा 12 के विद्यार्थियों को दो पहिया वाहन लाने की अनुमति है। अजय अपने घर से बस द्वारा ही विद्यालय आता था, बुधवार को वह बाइक लेकर आया था। कई बार तो विद्यार्थी स्कूल में बाइक न लाकर उन्हें बाहर ही खड़ा कर देते हैं। विनय शर्मा, प्रधानाचार्या