मथुरा। सावधान! अगर आप जंक्शन पर सेकेंड एंट्री यानि कि नए बस स्टैंड की तरफ से प्रवेश कर रहे हैं तो रात में न करें। यहां पर रात के समय घुप अंधेरा रहता है। साथ ही सड़क पर गहरे गड्ढे बने हुए हैं। जिसके चलते रात में वाहनों से आने वाले यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है। साथ ही सुरक्षा के लिए भी खतरा बना हुआ है।
जंक्शन पर प्लेटफार्म संख्या 4,5,6,7 तक सीधे प्रवेश के लिए बनाए गए दूसरे द्वार को जोड़ने वाली सड़क के प्रति रेलवे लापरवाही बरत रहा है। इस लिंक रोड पर तीन वर्ष पूर्व करीब एक दर्जन से अधिक विद्युत खंभे लगाए गए थे। इनमें से अधिकतर खंभे या उखड़ गए हैं या फिर उन पर लाइट ही नहीं है।
इससे इस बीच में यात्रियों के लिए सुरक्षा को खतरा तो बना ही साथ ही सड़कों में गहरे गड्ढे भी हो रहे हैं। जिससे यहां से गुजरने वाले यात्रियों के वाहन भी फंस जाते हैं या फिर गिर जाते हैं। कई यात्री इन गड्ढों में गिर चुके हैं। इसकी शिकायत रेलवे अधिकारियों से भी की गई लेकिन रेलवे अधिकारियों द्वारा कोई ध्यान नहीं दिया गया। स्टेशन के डायरेक्टर एनपी सिंह ने बताया कि इस संबंध में इंजीनियरिंग विभाग को पत्र लिखा गया है। जल्द ही सड़क तथा विद्युत व्यवस्था को ठीक किया जाएगा ।