कोसीकलां (मथुरा)। आगरा-दिल्ली रेलखंड पर रविवार को सुबह करीब साढ़े 8 बजे शामकेन फैक्टरी के पास पटरी में फ्रेक्चर हो गया। रेलवे लाइन में फ्रेक्चर की सूचना मिलते ही रेल अधिकारियों में हड़कंप मच गया। कीमैन की सूचना मिलते ही वरिष्ठ खंड अभियंता रेल पथ कर्मचारियों को लेकर मौके पर पहुंचे और फ्रेक्चर वाली रेल लाइन को बदलवाया।
कीमैन ने डाउन लाइन पर शामकेन फैक्टरी के समीप रेलवे के खंभा नंबर 1446-86 के सामने लाइन चटकी मिली। रेलवे लाइन में दरार देख कीमैन ने तत्काल रेलवे अधिकारियों को सूचना दी और लाइन पर लाल कपड़ा लगा दिया। इस दौरान रेलवे ने ट्रेनों को काशन के जरिए 30 किलोमीटर घंटे की रफ्तार से निकाला गया।
रेलवे लाइन में फ्रेक्चर की जानकारी पर वरिष्ठ खंड अभियंता ने रेलवे के कर्मचारियों को बुलाया और रेलवे ट्राली से आवश्यक उपकरण और सामान लेकर मौके के लिए रवाना हुए। रेलवे लाइन को बदला गया। रेलवे लाइन ठीक होने की जानकारी अधिकारियों को दी। करीब दो घंटे के प्रयास के बाद रेल यातायात सामान्य हुआ।