कैलाश खेर नाइट: अल्लाह के बंदे...
- फोटो : अमर उजाला
एटा। एटा महोत्सव में बुधवार रात को बॉलीवुड गायक कैलाश खेर के गीतों पर श्रोता जमकर झूमे। सूफी गायक ने जब सूफियाना अंदाज में गाना शुरू किया तो पूरा माहौल संगीतमय हो गया। कैलाश के गीतों पर मस्ती का सुरूर कुछ ऐसा छाया कि युवा भी थिरकने को मजबूर हो गए।
कार्यक्रम का उद्घाटन डीएम आईपी पांडेय, एसएसपी आशीष तिवारी, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट महेंद्र सिंह तंवर ने किया। कैलाश ने बिस्मिल्लाह तेरे नाम, ओह जोवन छलिये, ब-बम बम लहरी और अल्लाह के बंदे हम, तेरी दीवानी जैसे कई सुपर हिट गाने गाए। कैलाश खेर ने ज्वाइंट मजिस्ट्रेट महेंद्र सिंह तंवर द्वारा लिखित पुस्तक इश्कदारी का विमोचन भी किया। समारोह में आलम ये था कि कैलाश के गीतों और उनकी एक झलक के लिए लोगों में भारी दीवानगी देखने को मिली। खचाखच भरे पंडाल में लोगों ने उनकी गायिकी का जमकर लुत्फ उठाया। वहीं कैलाश के साथ सेल्फी लेने के लिए युवाओं में होड़ मच गई। इस मौके पर सीडीओ उग्रसेन पांडेय, तहसीलदार दुर्गेश यादव, कोतवाली प्रभारी पंकज मिश्रा, सुशील गुप्ता, अग्रिम जैन, राकेश कुमार, धीरज, वारिस सभासद समेत तमाम लोग मौजूद रहे।