फिरोजाबाद। निशुल्क उपकरण योजना का लाभ प्राप्त कराने में जिले का मुख्य चिकित्साधिकारी कार्यालय रोड़ा बना हुआ है। दिव्यांगों के प्रमाण पत्र प्रमाणित कराने में सीएमओ कार्यालय के कर्मचारी आनाकानी करते हैं। बुधवार को कई दिव्यांग डीएम की गाड़ी के आगे बैठ गए।
जिला दिव्यांग जन कल्याण विभाग ने शासन की संचालित योजना के तहत दिव्यांगों को सहयोगी उपकरण निशुल्क उपलब्ध कराए जा रहे हैं।
सहयोगी उपकरण प्राप्त करने के इच्छुक दिव्यांगों को अपना आवेदन सीएमओ कार्यालय में सक्षम अधिकारी से प्रमाणित कराना होता है।
बुधवार को कई दिव्यांग जब अपने आवेदन प्रमाणित कराने सीएमओ कार्यालय पहुंचे तो उनके आवेदनों को प्रमाणित नहीं किया गया। दिव्यांगों को आरोप है कि सीएमओ कार्यालय में तैनात एक लिपिक द्वारा उनके साथ अभद्रता की गई।
इसके विरोध में कई दिव्यांग विकास भवन पहुंच डीएम की कार के सामने धरना देकर बैठ गए। हालांकि बाद में अन्य अधिकारी-कर्मचारियों के समझाए जाने के बाद दिव्यांग वहां से दोबारा सीएमओ कार्यालय पहुंचे।