फिरोजाबाद। टीटीजेड की बंदिशों को देखते हुए डीएम नेहा शर्मा ने गरीबों को ठंड से बचाने के लिए आठ गैस हीटर जनता को समर्पित किए हैं। लकड़ी के अलाव के स्थान पर डीएम द्वारा गैस हीटर की वैकल्पिक व्यवस्था की गई है।
दिसंबर में कड़ाके की सर्दी पड़ रही है, परंतु अभी तक अलाव नहीं जल सके। डीएम ने टीटीजेड में कोयला व लकड़ी जलाने पर रोक के कारण नगर निगम अधिकारियों को गैस के हीटर को वैकल्पिक व्यवस्था के रूप में लगवाने के निर्देश दिए थे।
महापौर नूतन राठौर, डीएम नेहा शर्मा और सीडीओ नेहा जैन ने देर शाम जलकल विभाग पहुंची, जहां आठ गैस हीटर जनता को समर्पित किए। डीएम ने बताया कि गैस हीटर बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन, रामलीला मैदान के पास कैलादेवी मंदिर, घंटाघर चौराहा, जाटवपुरी चौराहा, कोटला चुंगी चौराहा, सेंट्रल चौराहे तथा संपतराम हास्पिटल के निकट स्थापित कराए जाएंगे।
आवश्यकता पड़ने पर भविष्य में और स्थानों पर भी गैस हीटर की व्यवस्था की जाएगी। पार्षद हरिओम वर्मा, प्रमोद राजौरिया, मोहित अग्रवाल, पार्षद पति कृष्ण मुरारी अग्रवाल, सहायक अभियंता पीके सिंह सहित अन्य लोग मौजूद थे।
डीएम नेहा शर्मा ने नगर निगम में सामान की खरीदारी को पारदर्शी व सुचारू बनाने के लिए जिलाधिकारी ने जैम पोर्टल पर पंजीकरण कराये जाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि जैम पोर्टल पर उपलब्ध सामग्री को आसानी से खरीदा जा सकता है। इसमें आनलाइन भुगतान की व्यवस्था भी होती है,जिससे जरूरत का सामान आसानी व पारदर्शिता से खरीदा जा सकेगा।