मैनपुरी। करहल की ओर जाने वाले मार्ग पर सिंहपुर नहर के पुल मेें सोमवार दोपहर एक युवक और पांच गोवंश के शव मिलने की सूचना से क्षेत्र में खलबली मच गई। मौके पर कई थानों के फोर्स के साथ सीओ सिटी और काफी संख्या में लोग पहुंच गए। काफी देर मशक्कत के बाद युवक का शव बाहर निकाला। पुलिस ने पहचान न होने के बाद शव मोर्चरी में रखवा दिया है।
करहल रोड पर लोअर गंग नहर कानपुर ब्रांच का बहाव इन दिनों काफी तेज है। अकसर यहां कोई न कोई शव पुल के पास भंवर में फंस जाता है। सोमवार दोपहर को ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी कि सिंहपुर नहर के पुल के पास एक युवक और पांच गोवंश के शव फंसे हुए हैं। सूचना मिलने के बाद सीओ सिटी राकेश पांडेय, इंस्पेक्टर कोतवाली जसवीर सिंह सिरोही पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए।
वहीं अन्य थानों का फोर्स भी पहुंच गया। दमकलकर्मियों ने रस्से और कांटे डालकर शव को निकालने के प्रयास शुरू कर दिए। दो बार शव को बाहर निकालने का प्रयास विफल रहा। कांटे से छूटने के बाद शव करीब एक किलोमीटर आगे जाकर झाड़ियों में फंस गया। इसके बाद पुलिस ने शव को बाहर निकलवाया।
स्थानीय लोगों से शव की शिनाख्त के प्रयास किए, लेकिन सफलता नहीं मिल सकी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेजा। गोवंश की सूचना पर कई हिंदूवादी संगठन के लोग भी पहुंच गए। स्थानीय लोगों का अनुमान है कि गोवंश के शव नदी में बहाए गए होंगे। वही शव यहां भंवर में आकर फंस गए। युवक का शव भी भंवर में फंसना एक इत्तेफाक ही है। समाचार लिखे जाने तक शव की शिनाख्त नहीं हो सकी थी।