फिरोजाबाद। विभव नगर की समस्या लेकर सोमवार को नगर निगम पहुंचे भाजपा के महानगर उपाध्यक्ष रामनरेश कटारा का नगर निगम में निर्माण विभाग के एक्सईन विकास कुरील से विवाद हो गया। कुरील पर इस समय नगर आयुक्त का भी चार्ज है।
विवाद के दौरान एक्सईन की हालत बिगड़ गई। वह बेहोश होकर गिर पडे़। उनका कहना था कि भाजपा नेता ने उन्हें धमकाया, गालियां दीं। उन्हें तुरंत जिला अस्पताल लाया गया, यहां से उन्हें सेवार्थ संस्थान के ट्रामा सेंटर ले जाया गया। वह आईसीयू में भर्ती हैं।
एक्सईन के साथ की गई दबंगई के विरोध में नगर निगम के कर्मचारी लामद हो गए। दफ्तरों में ताले डालकर धरने पर बैठ गए। पालीवाल आडिटोरियम में सामूहिक विवाह की तैयारियों में लगे र्शिण विभाग के एक्सईएन विकास कुरील के पास दोपहर करीब 12 बजे भाजपा के महानगर उपाध्यक्ष रामनरेश कटारा पहुंचे।
कटारा विभव नगर कल्याण समिति के अध्यक्ष भी हैं। विभव नगर के कुछ लोग उनके साथ थे। कटारा ने जाते ही एक्सईन कुरील से कहा कि लगातार फोन करने के बाद भी फोन नहीं उठा रहे हो...। क्या समझ रखा..है..। भाजपा सरकार में ऐसे नौकरी नहीं चल पाएगी।
इसके साथ ही कुरील से उनका विवाद शुरू हो गया। विवाद के बीच ही कुरील की हालत बिगड़ने लगी। वह कहने लगे मुझे घबराहट हो रही है। सीने में दर्द हो रहा है। इतना कह कर वह रोने लगे और बेहोश होकर गिर गए। पार्षद के पति किशन मुरारी अग्रवाल सहित निगम के कई कर्मचारी एकत्रित हो गए।
कटारा के साथ आए भाजपा नेता सुनील गुप्ता पूरे मामले की मोबाइल से वीडियोग्राफी करते रहे। कुरील के बेहोश होने पर भाजपा नेता यहां से चले गए। कुरील को जिला अस्पताल लाया गया। यहां से उन्हें सेवार्थ संस्थान के ट्रामा सेंटर ले गए। यहां हालत गंभीर होने पर उन्हें आईसीयू में भर्ती किया गया है।
प्राइवेट ट्रामा सेंटर में भर्ती एक्सईएन को देखने महापौर नूतन राठौर, नगर निगम के पार्षद, सदर विधायक मनीष असीजा, सिटी मजिस्ट्रेट देवेंद्र पाल सिंह, सीओ सिटी संजय वर्मा पहुंचे। सीओ ने एक्सईएन के बयान भी लिए। विकास कुरील रोते हुए कह रहे थे कि यह कई दिनों से मुझे फोन कर दबाव बना रहे हैं।
मुझे सुबह से परेशान कर रहे हैं। सभी भाजपा नेता उस समय कह रहे थे ड्रामा चल रहा है। महानगर अध्यक्ष कन्हैया लाल गुप्ता को बुलाओ उन्हें बताओ यहां क्या चल रहा है।
नगर निगम कर्मचारी एक्सईन के साथ हुए बर्ताव पर आक्रोशित हो गए। कक्षों में ताले डालकर हंगामा, नारेबाजी शुरू कर दी। इसके बाद धरने पर बैठ गए। नगर निगम के पदाधिकारियों का कहना था कि अफसरों के सम्मान से कोई समझौता नहीं होगा। जब तक अधिकारी, कर्मचारियों को सुरक्षा नहीं हो सकी।
भाजपा महानगर उपाध्यक्ष रामनरेश कटारा ने कहा कि पार्षद विमला सिंह के पति पुष्पेंद्र पाल के कहने पर मैं विभव नगर के लोगों के साथ क्षेत्र की समस्या लेकर नगर निगम गया था। यहां कोई अधिकारी नहीं मिला। नगर आयुक्त का फोन विकास कुरील पर था वह फोन उठा नहीं रहे थे।
तब सभी लोग पता चलने पर पालीवाल आडिटोरियम में पहुंचे। यहां जब फोन न उठाने की बात कुरील से कही तो वह भड़क गए और बोले चार-चार चार्ज मेरे पास हैं क्या-क्या करूं और विवाद करते हुए बेहोशी का ड्रामा करने लगे। जो आरोप लगाए हैं वह गलत हैं।
विकास कुरील की पत्नी मीनाक्षी घटना की जानकारी होते ही ट्रामा सेंटर पहुंची। उन्होंने कहा कि यहां मेरे पति को लगातार परेशान किया जा रहा है। गाजियाबाद में पोस्टिंग के दौरान तबीयत ठीक रहती थी। यहां तो लगातार इतना दवाब डाला जा रहा है कि अक्सर तबीयत खराब हो जाती है।