शिकोहाबाद (फिरोजाबाद)। पाली इंटर कॉलेज प्रबंध समिति ने कॉलेज के प्रधानाचार्य पर लगे विभिन्न आरोप और गिरते शिक्षा के स्तर मद्देनजर ध्यान में रखते हुए उन्हें प्रधानाचार्य पद से निलंबित कर दिया है।
पाली इंटर कॉलेज में 30 अक्तूबर को हुई प्रबंध समिति की बैठक में सर्वसम्मति से प्रधानाचार्य डॉ. विनोद कुमार पर विद्यालय के शैक्षिक स्तर में गिरावट, अनुशासनहीनता, वित्तीय अनियमितताएं, माध्यमिक शिक्षक अधिनियम का दुस्साहसिक उल्लंघन, शासकीय निर्देशों और राजाज्ञाओं को नजरअंदोज करने पर मंथन किया गया। समिति ने सर्वसम्मति से प्रस्ताव पास किया।
प्रबंधक विनय कुमार पालीवाल ने प्रधानाचार्य को निलंबन का आदेश दिया है और निलंबन आदेश की एक प्रति डीआइओएस, वित्त एवं लेखाधिकारी कार्यालय, संयुक्त शिक्षा निदेशक व प्रधानाचार्य को भी भेजी है। प्रबंधक ने वरिष्ठतम प्रवक्ता रवि मिश्र को कार्यवाहक प्रधानाचार्य बनाने की संस्तुति की है। साथ ही प्रधानाचार्य को निर्देशित किया है कि बिना प्रबंधतंत्र की अनुमति के स्टेशन मुख्यालय नहीं छोड़ेंगे।
प्रबंधक द्वारा लगाए गए सभी आरोप निराधार हैं। बैठक में कोई निर्णय नहीं हुआ था। उन्होंने खाली पेज पर गुमराह करके मुझसे हस्ताक्षर करा लिए हैं, जबकि मैंने कार्रवाई रजिस्टर पर लिखा है कि बैठक में कोई निर्णय नहीं हुआ है। प्रबंधक ने इकतरफा कार्रवाई करते हुए अपना निर्णय सुनाया है।
डॉ. विनोद कुमार यादव, प्रधानाचार्य पाली इंटर कॉलेज।