कासगंज। ढोलना क्षेत्र के नगला नरायन एवं भरसौली में सोमवार रात बदमाशों के होने की आशंका पर ग्रामीणों पर फायरिंग कर दी। जानकारी पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने देर रात जंगल में गश्त की लेकिन कोई सफलता हाथ नहीं लग सका।
भरसौली जंगल एवं नगला नरायन में शनिवार रात बदमाशों और ग्रामीणों में मुठभेड़ हो गई थी। दो बदमाश पुलिस ने दबोच लिए थे। हालांकि कार चालक एवं एक बदमाश भागने में सफल हो गया था। मुठभेड़ के दौरान एक ग्रामीण बदमाशों की गोली से घायल हो गया। पुलिस पूछताछ में बदमाशों ने खुद को छैमार गैंग के सदस्य हैं। यह गैंग काफी खतरनाक है। ऐसे में ग्रामीण दहशत में हैं और डर सता रहा है कि कहीं कोई और वारदात न हो जाए। दहशत के चलते ग्रामीणों को रात में जरा सी आहट बदमाशों की धमक सुनाई देती है। सोमवार रात नगला नरायन और भरसौली जंगल से मध्यरात्रि बदमाशों की आशंका पर ग्रामीणों ने फायरिंग कर दी। छह से सात राउंड फायर किए गए। फायरिंग की जानकरी पर पुलिस भी गांव में पहुंच गई। पुलिस ने गांव की गलियों से लेकर खेतों तक गश्त की लेकिन कहीं भी कोई बदमाश पुलिस और ग्रामीण को नहीं मिला।
रात भर जाग रहे ग्रामीण
कासगंज। बदमाशों की दहशत के कारण ग्रामीणों का दिन का चैन और रात की नींद गायब है। भरसौली जंगल, इटौआ, नगला नरायन, किनावा सहित कई गांव में ग्रामीणों की टीम बन गईं हैं, जो रात भर निगरानी कर रहीं हैं। ग्रामीण पुलिस से ज्यादा स्वयं पर भरोसा कर रहे हैं।
कुछ ग्रामीण बेवजह अफवाह फैला रहे हैं। बदमाशों के आने की सूचना देकर गांव में दहशत फैलाते हैं। पुलिस रातभर गश्त कर रही है। पुलिस ग्रामीणों की सुरक्षा के लिए गंभीर हैं।
गनेश चौहान, थाना प्रभारी, ढोलना