आरोग्य धाम तैयार, गूंजेगी जय-जयकार
- फोटो : अमर उजाला
जलेसर। वात्सल्य रत्नाकर जैनाचार्य विमल सागर की 103वीं जयंती समारोह के लिए उनकी जन्मस्थली कोसमा पर वात्सल्य आरोग्य धाम सज-धजकर तैयार है। शनिवार से शुरू होने वाले गुरु भक्ति महोत्सव के लिए पंडाल और साज-सज्जा का काम शुक्रवार को चलता रहा।
वात्सल्य आरोग्य धाम में लोकार्पण समारोह कार्यक्रम का शुभारंभ ध्वजारोहण के साथ होगा। साथ ही गणधर विलय विधान का आयोजन किया जाएगा। शुक्रवार को ज्वाइंट मजिस्ट्रेट और एसडीएम प्रेरणा सिंह और सीओ राजा सिंह ने पांडाल के साथ-साथ कोसमा गांव का निरीक्षण किया। साथ ही आचार्य चैत्य सागर, मुख्याधिकारी रवींद्र कुमार जैन, शांति लाल जैन से व्यवस्थाओं के संबंध में जानकारी ली। तीन दिवसीय कार्यक्रम में पुख्ता सुरक्षा व्यवस्था का आश्वासन दिया।
मुख्यमंत्री का कार्यक्रम तय नहीं
आरोग्य धाम के लोकार्पण के लिए प्रदेश के मुख्यमंत्री एवं उपमुख्यमंत्री का कार्यक्रम अब तक नहीं मिला है। शुक्रवार को मुख्यमंत्री के आगमन की संभावना के चलते प्रशासन की सांसें अटकी रहीं। एसडीएम और ज्वाइंट मजिस्ट्रेट प्रेरणा सिंह ने बताया कि अभी तक कोई प्रोग्राम उपलब्ध नहीं हो सका है। समारोह में जुटने वाली भीड़ को देखते हुए खेल-तमाशे वालों ने झूले आदि लगाए हैं।
स्वरोजगार के लिए खुलेगी कार्यशाला
वात्सल्य आरोग्य धाम में चातुर्मास कर रहे आचार्य श्री चैत्य सागर जी महाराज ने कहा कि वात्सल्य आरोग्य धाम अंतिम कड़ी नहीं है।
ग्रामीणों ने आचार्य विमल सागर में जो विश्वास और आस्था जगाई है, वह प्रशंसनीय है। उन्होंने कहा कि अतिशीघ्र आरोग्य धाम को महानगरों में बने बड़े अस्पतालों का दर्जा दिलाया जाएगा। साथ ही कोसमा मे मेडिकल कॉलेज स्वरोजगार के लिए विशाल प्रशिक्षणशाला एवं अन्य उद्यम खोले जायेंगे। शनिवार को पंडाल का उद्घाटन एसडीएम प्रेरणा सिंह आईएएस करेंगी।