कासगंज। अमापुर के बीनपुर कला के पास लापता ग्रामीण का शव मिला है। इससे गुस्साए ग्रामीणों ने शव सड़क पर रखकर जाम लगा दिया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है।
के प्रसाद (50) निवासी लालूपुर सहावर सोमवार शाम घर से कहीं गया था, लेकिन लौटकर नहीं आया। इससे चिंतित परिजनों ने उसकी तलाश की, लेकिन पता नहीं लगा। सुबह राहगीरों ने उसका शव सड़क पर पड़ा देखा। शव की शिनाख्त होने पर परिजनों को सूचना दी गई। परिजन मौके पर आ गए और शव देखकर रोने-बिलखने लगे। कुछ देर बाद मौके पर जुटे ग्रामीण आक्रोशित होने लगे।
हत्या का आरोप लगाते हुए गुस्साए ग्रामीणों ने शव सड़क पर रखकर जाम लगा दिया। जाम में काफी संख्या में वाहन जाम में फंस गए। सूचना पर पुलिस गई। एसडीएम सहावर संदीप केला, सीओ प्रदीप कुमार भी पहुंच गए। अधिकारियों ने ग्रामीणों को समझा-बुझाकर शांत किया और जाम खुलवाया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम को भेज दिया और वाहनों का संचालन शुरू कराया। थाना प्रभारी ने बताया कि ग्रामीण की मौत किसी अज्ञात वाहन की टक्कर से हुई है। परिजन की ओर से हत्या की कोई तहरीर पुलिस को नहीं दी गई है।