वृंदावन (मथुरा)। हरियाली तीज पर्व को लेकर पुलिस प्रशासन ने बांकेबिहारी व्यापारिक एसोसिएशन के साथ बुधवार को बैठक की। इसमें व्यापारियों ने अतिक्रमण हटाने के नाम पर बेवजह व्यापारियों का शोषण न करने की बात कही। वहीं, पुलिस ने श्रद्धालुओं व पर्यटकों की सुविधा को देखते हुए बाजारों में अतिक्रमण न करने की अपील की।
सीओ सदर राकेश कुमार ने कहा कि हरियाली तीज पर्व पर किसी भी सूरत में अतिक्रमण बर्दास्त नहीं होगा। एसोसिएशन अध्यक्ष अमित गौतम ने कहा कि मंदिर क्षेत्र के व्यापारी अपने दायरे में रहकर दुकादारी कर रहे हैं। अतिक्रमण सड़क किनारे फुटपाथ पर ढकेल-ठेले लगाने से होता है। पुलिस को सबसे पहले इन पर कार्रवाई करनी चाहिए।
डा. लक्ष्मी गौतम ने कहा कि मंदिर क्षेत्र में भिक्षावृत्ति करने वालों के साथ श्रद्धालुओं को चंदन लगाने वाले लोगों पर रोक लगानी चाहिए। ताकि जेबकटी व छीना-झपटी की घटनाएं न हो। इस अवसर पर कोतवाली प्रभारी रामपाल सिंह भाटी, बिहारी जी चौकी प्रभारी प्रेमनारायण शर्मा, धीरज यादव, ब्रजविहारी शर्मा, टेकचंद्र गौतम, सुमित शर्मा, गिरधारी द्विवेदी, राकेश सोनी, मुकेश कृष्ण शर्मा, मुरारी अग्रवाल, अलौकिक शर्मा, नीतेश अग्रवाल, सुरेशचंद्र, श्यामसुंदर उपस्थित रहे।