मथुरा। आल इंडिया मोटर ट्रांसपोर्ट कांग्रेस के आह्वान पर चल रही देशव्यापी हड़ताल रविवार को तीसरे दिन भी जारी रही। ट्रांसपोर्टरों व ट्रक चालकों ने सरकार की बुद्धि-शुद्धि के लिए हवन यज्ञ किया। आवश्यक खाद्य सामग्री, दूध, सब्जी व दवाइयों के ट्रकों की आवाजाही रोज की तरह ही हुई।
डीजल की कीमतें कम करने, राष्ट्रीय स्तर पर समान मूल्य निर्धारण करने व डीजल कीमतों में त्रैमासिक संशोधन, भारत के सभी टोल बैरियर मुफ्त कराने, तृतीय पक्ष बीमा प्रीमियम (टीपीपी) में पारदर्शिता, इस पर जीएसटी की छूट और कमीशन बंद करने, ट्रांसपोर्ट व्यवस्था पर टीडीएस समाप्त करने व ई-वे बिल के नियमों में जरूरी संशोधन किए जाने की मांग पर रविवार को भी ट्रांसपोर्टर अड़े रहे।
उन्होंने मंडी समिति के पास स्थित ट्रक ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन के कार्यालय पर सरकार की बुद्धि-शुद्धि के लिए हवन यज्ञ किया। इस दौरान अध्यक्ष चौ. धर्मवीर सिंह, संजय ठाकुर, श्यामवीर, नरेंद्र कुमार, संत कुमार, लल्लू, प्रेम कुमार, प्रवीन कुमार, राजेश गोला, योगेश कुमार, विकास लाला, नईम अहमद आदि मौजूद रहे।
उधर, आम दिनों में मंडी समिति से ट्रकों के माध्यमों से अधिकांशत: सप्लाई अनाज की ही होती है। हड़ताल के तीसरे दिन रविवार पड़ गया और अभी मंडी में किसी भी फसल का सीजन भी नहीं हैं। चूंकि इस कारण अभी आवक भी कम है।