मथुरा। रिफाइनरी से तारकोल भरकर रामपुर के लिए चला टैंकर भरतपुर में तेल माफिया मनोज गोयल के भाई रोहित गोयल के गोदाम पर पहुंच गया। टैंकर से पूरा तारकोल खाली करके उसमें मिक्सिंग तारकोल भरकर रामपुर के लिए रवाना किया गया। स्वाट टीम ने मगोर्रा की मकेरा पुलिया पर तेल माफिया के दो गुर्गों के साथ टैंकर को पकड़ लिया। पुलिस की कार्रवाई से तेल चोरों के होश उड़ गए हैं।
पुलिस लाइन सभागार में एसपी सिटी श्रवण कुमार सिंह ने बताया कि स्वाट टीम प्रभारी हरवेंद्र मिश्रा ने थाना रिफाइनरी के गांव भुड़रसू निवासी राजू पुत्र मंगल और सादाबाद (हाथरस) के नगला हरिया निवासी देवेंद्र पुत्र पप्पू सिंह को पकड़ा है। एसपी सिटी ने बताया कि रिफाइनरी से तारकोल से भरा टैंकर पांच जुलाई को रामपुर के लिए चला। पर यह रामपुर की बजाए तेल माफिया मनोज गोयल के भाई रोहित गोयल के गोदाम भरतपुर पर पहुंचा। यहां पूरा तारकोल खाली करने के बाद मिक्सिंग तारकोल भरकर रामपुर रवाना किया गया। एसपी सिटी ने बताया कि इन सभी पर गैंगस्टर में कार्रवाई की जाएगी।
जेल से बैठा हुआ तेल माफिया चला रहा गैंग
मथुरा जेल से बैठे-बैठे तेल माफिया मनोज गोयल गैंग को संचालित कर रहा है। इतना जरूर है कि इस गैंग की कमान अब तेल माफिया के भाई मनोज गोयल के हाथों में है। 100 करोड़ की तेल चोरी में फरार चल रहा रोहित गोयल अभी तक पुलिस की पकड़ से दूर बना हुआ है। बावजूद दोनों भाई अपनी आदत से बाज नहीं आ रहे हैं।