मैनपुरी। यदि आपको जिला अस्पताल में अपने मरीज का उपचार कराना है तो अपने साथ सीरिंज ले जानी होगी। दवाइयों की कमी से जूझ रहे अस्पताल में अब सीरिंज भी नहीं हैं। मरीज को उपचार दिलाने के लिए सीरिंज बाहर से मंगाई जा रही है। इससे आने वाले मरीजों के साथ ही उनके तीमारदारों को भी परेशानी से जूझना पड़ रहा है।
जिला अस्पताल की ओपीडी की तो बात छोड़ो अब इमरजेंसी में आने वाले मरीजों के उपचार के लिए भी बाहर से सीरिंज मंगानी पड़ रही है। मंगलवार को अचानक अस्पताल में सीरिंज का टोटा पड़ गया। अस्पताल में तैनात ईएमओ डा. अनुज कुमार को मरीजों को उपचार देने के लिए बाहर से सीरिंज मंगानी पड़ी। डा. अनुज कुमार का कहना था कि मरीज की जान बचाने के लिए ऐसा न चाहते हुए भी करना पड़ रहा है। अस्पताल में सप्लाई मिल नहीं रही है। मरीज की जान को कैसे खतरे में डाला जा सकता है।