फिरोजाबाद। नवरात्र महोत्सव के अंतिम दिन जगत जननी मां जगदंबा के दर्शनों को मंदिरों में भारी भीड़ उमड़ी। सिद्धिदात्री की पूजा-अर्चना के बाद महिलाओं ने घर-घर में कन्या लांगुरों को भोज कराया। मंदिरों में सजे भव्य फूलबंगला के दर्शन कर श्रद्धालुओं ने मनौतियां मांगी। मंदिरों में दंडौती परिक्रमा करने व नेजा चढ़ाने वालों की होड़ मची रही।
शनिवार को रातभर दंडौती परिक्रमा का दौर चलता रहा। बालिकाएं, महिलाएं युवा दोनों हाथों पर दीपक रखकर दंडौती करते हुए मां कैलादेवी के दर्शन को पहुंचे। रविवार को श्री राज राजेश्वरी कैलादेवी मंदिर पर मंगला दर्शन को सुबह चार बजे भीड़ उमड़ी। मंगला दर्शन के बाद घर-घर में मां सिद्धिदात्री को नमन किया। घर-घर में प्रसाद बनाने व कन्या-लांगुरों को भोज कराया।
सुबह से शाम तक मंदिरों में प्रसाद वितरण किया। श्री राज राजेश्वरी कैलादेवी मंदिर, उसायनी स्थित मां वैष्णोदेवी धाम, कोटला रोड स्थित पथवारी माता मंदिर पर भव्य फूल बंगला के दर्शनों को श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी। चौबेजी का बाग स्थित नगरकोट वाली माता मंदिर पर छप्पन भोग के दर्शन हुए। नगला करनसिंह स्थित दुर्गा माता मंदिर, चंद्रवार गेट स्थित पथवारी माता मंदिर, जोशियान मोहल्ला, कोटला मोहल्ला स्थित पथवारी माता मंदिर, जलेसर रोड स्थित काली मंदिर, सिनेमा चौराहा स्थित दुर्गा मंदिर, सुहागनगर स्थित काली मां मंदिर सहित अन्य मंदिरों में श्रद्धालुओं ने आराधना कर मनौतियां मांगी। सुभाष तिराहा, आगरा गेट, स्टेशन रोड, कोटला रोड, जलेसर रोड, लेबर कालोनी, महावीर नगर, जैन नगर, सुहाग नगर में प्रसाद वितरण किया।
श्री सिद्धपीठ पथवारी माता मंदिर पर श्रद्धालुओं ने भव्य फूलबंगला के दर्शन किए। महापौर नूतन राठौर ने ध्वजारोहण किया। आचार्य हरिओम शर्मा ने महाआरती की। कार्यक्रम में प्रबंधक बसंत उपाध्याय, दीनानाथ गर्ग, दिनेशचंद्र अग्रवाल, अरुण अग्रवाल मौजूद रहे।
मानव उत्थान सेवा समिति के तत्वावधान में रविवार को कोटला रोड स्थित मां राज राजेश्वरी कैलादेवी मंदिर में शर्बत और पानी की प्याऊ लगाई गई। इसका शुभारंभ महापौर नूतन राठौर, थाना उत्तर एसओ लोकेश भाटी ने किया। प्याऊ श्री हंस सत्संग मंदिर की प्रमुख सुधा बाई के नेतृत्व में लगा। पार्षद हरिओम वर्मा, प्रमोद राजौरिया, मनोज ताऊ, अमित गुप्ता मौजूद रहे।