मथुरा। सिंडीकेट बैंक की मुख्य शाखा में चेक की रंगीन फोटो कापी से नौ लाख रुपये निकालने का मामला सामने आया है। सिंडीकेट बैंक के कर्मियों को शक होने पर भुगतान रोक दिया गया।
होलीगेट स्थित सिंडीकेट बैंक की मेन ब्रांच में आईसीआईसीआई बैंक से मिश्रा प्रोविजन के नाम बैंक खाते पर एक पुराने चेक की रंगीन फोटो कापी कराकर नौ लाख रुपये का चेक क्लीयरिंग के लिए भेजा गया था। चेक किसी प्रभात सिंह ने जमा कराया था।
6 मार्च 2018 को प्रभात सिंह के नाम जारी चेक देखकर सिंडीकेट बैंक कर्मियों को शक हुआ तो उसका भुगतान रोक दिया और शाखा प्रबंधक डीके अग्रवाल को बताया। बैंक कर्मियों ने मिश्रा प्रोविजन के खाते का स्टेटस देखा तो वह जनवरी 2016 से बंद मिला। इस मामले में सिंडीकेट बैंक के प्रबंधक ने आईसीआईसीआई बैंक प्रबंधक को कार्रवाई के लिए पत्र लिखा है। डीके अग्रवाल ने बताया कि जिस चेक से नौ लाख का भुगतान लेने के प्रयास किए वह असली चेक नहीं उसकी रंगीन फोटो कापी है।