वृंदावन (मथुरा)। रामकृष्ण मिशन सेवाश्रम अस्पताल के सभागार में सोमवार को हुई बैठक में विवेकानंद मेडिकल सर्विस परियोजना का शुभारंभ किया गया। इसके तहत नौ गांवों में गरीब और असहाय लोगाें को उच्च स्तरीय चिकित्सा सेवा उपलब्ध कराई जाएगी।
सचिव स्वामी नित्यसुधानंद महाराज ने बताया कि इस सर्विस के तहत 11 टेलीमेडिसिन यूनिट और दो मोबाइल मेडिकल यूनिट का संचालन आठ मार्च से जिले के नौ गांवों में टाटा ट्रस्ट मुंबई के सहयोग से किया जाएगा। जिसके अंतर्गत क्षेत्रवासी नजदीकी अस्पताल में उच्च स्तरीय चिकित्सा सेवा प्राप्त कर सकेंगे। जहां पीड़ित के इलाज से लेकर दवाओं और अन्य समस्याओं का आधुनिक तकनीक के जरिए उपचार किया जाएगा।
मोबाइल मेडिकल यूनिट में एक डॉक्टर, एक नर्स, एक टेक्नीशियन और अन्य चिकित्सकीय दल के सदस्य शामिल होंगे। वहीं टेलीमेडिसिन यूनिट में कैंसर, मधुमेह, रक्तचाप आदि बीमारियों का इलाज और मुफ्त दवाएं रोगियाें को उपलब्ध होंगी। इस अवसर पर स्वामी सुप्रकाशानंद, स्वामी कालिकृष्णानंद, स्वामी वशिष्ठानंद, स्वामी नित्यसुधानंद, प्रबोद्ध चैतन्य महाराज, डा. विनोद बनर्जी आदि उपस्थित थे।