वृंदावन (मथुरा)। अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर आठ मार्च को प्रदेश की राजधानी लखनऊ में आयोजित एक समारोह में नगर के महिला आश्रय सदनों में निवासरत 100 विधवा माताएं भाग लेंगी। बताया जा रहा है कि देश व समाज में महिलाओं की अहमियत के प्रति जागरूकता लाने को एक नई पहल अपनाई जा रही है। जिसके तहत देश की उन महिलाओं को सम्मानित किया जाएगा जिनके कार्यों से समाज कल्याण व राष्ट्रोन्नति को बढ़ावा मिला।
चैतन्य विहार महिला आश्रय सदन के प्रभारी संतोष मिश्रा ने बताया कि केंद्र व राज्य सरकार महिला सशक्तिकरण की दिशा में कई कार्य कर रही है। इसी दिशा में आठ मार्च को अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर लखनऊ में एक कार्यक्रम आयोजित हो रहा है। इसमें देशभर से उत्कृष्ट सेवाकार्य करने वाली महिलाओं को आमंत्रित करने के साथ वृंदावन के महिला आश्रय सदनों में निवासरत लगभग 100 महिलाओं को भी बुलाया गया है।