होली के त्योहार पर सीसीटीवी और ड्रोन कैमरे से निगरानी रखी जाएगी। यह बात डीएम अमित किशोर और एसएसपी अखिलेश चौरसिया ने मंगलवार को पुलिस लाइन में शांति समिति की बैठक में कही।
कासगंज में हुई हिंसा के बाद जिला प्रशासन ने कानून व्यवस्था को कायम रखने और शांति सौहार्द बनाए रखने के लिए कवायद शुरू कर दी है। थाना स्तर पर हुई पीस कमेटी की बैठक के बाद मंगलवार को पुलिस लाइन सभागार में डीएम, एसएसपी ने बताया कि होली के त्योहार पर फिजा खराब करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। होली के दिन ही मुस्लिम समुदाय के लोगों की शुक्रवार वाली नमाज भी है।
ऐसे में शहर, कस्बों में सीसीटीवी और ड्रोन कैमरे से निगरानी रखी जाएगी। शराब पीकर हुड़दंग मचाने वालों पर पुलिस सादावर्दी में रहते हुए नजर रखेगी। बिना अनुमति के होली पर डीजे या फिर अन्य कार्यक्रम होने पर कार्रवाई की जाएगी। लोगों से होली के त्योहार पर शांति सौहार्द बनाए रखने की अपील की है।
होली पर डीजे रहेगा प्रतिबंधित
अलीगंज। ज्वाइंट मजिस्ट्रेट महेन्द्र सिंह तंवर, पुलिस उपाधीक्षक अजय भदौरिया ने कहा होली पर डीजे प्रतिबंधित रहेगा। होली खेलते समय अन्य संप्रदायों की धार्मिक भावनाओं का भी सम्मान रखे। उन्होंने लोगों से होली का त्योहार शान्त पूर्ण तरीके से मनाने की अपील की है। नगर पालिका परिषद अध्यक्ष बृजेश गुप्ता ने होली के पर्व पर नगर में विशेष सफाई रखने के निर्देश दिए।
व्हाट्सएप और फेसबुक पर भी रहेगी प्रशासन की नजर
एटा। डीएम अमित किशोर ने साफ कर दिया है कि होली के त्योहार को सभी लोग शांति पूर्ण तरीके से मनाएं। वाट्सएप, फेसबुक पर जिला प्रशासन की कड़ी नजर रहेगी, किसी भी प्रकार की अनावश्यक, भड़काऊ पोस्ट डालने पर कड़ी कार्यवाही की जाएगी।
- नगर और ग्रामीण क्षेत्र में नहीं रहे गंदगी
जिलाधिकारी अमित किशोर ने साफ कर दिया है कि नगर और ग्रामीण क्षेत्र में साफ सफाई, जलापूर्ति, विद्युत सप्लाई आदि में किसी भी तरह की कोई परेशानी नहीं होनी चाहिए। शांति समिति की बैठक में एडीएम वित्त एवं राजस्व महेश चन्द्र शर्मा, एडीएम न्यायिक रामअरज यादव, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट महेन्द्र सिंह तंवर, एएसपी संजय कुमार, एसडीएम विजय कुमार, एएसडीएम रामदत्तराम, एएसडीएम संजीव कुमार, अधिशासी अभियंता जल निगम एएस भाटी, चेयरमैन परवेज जुबैरी, अम्बरीश पाल सिंह, जहीर अहमद, शराफत हुसैन काले, प्रमोद गुप्ता, अतुल राठी, राशिद कुरैशी, विनीत भारद्वाज आदि मौजूद रहे।
डीएम ने होली के त्योहार पर तैनात किए मजिस्ट्रेट
एटा। रंगों के त्योहार पर असमाजिक तत्वों पर नजर रखने के लिए जिलाधिकारी अमित किशोर ने मजिस्ट्रेट तैनात किए है। जिलाधिकारी ने कहा कि जिला संवेदनशील श्रेणी में है, जिसके कारण विशेष सतर्कता बरतना जरुरी है। शांति एवं कानून व्यवस्था बनाये रखने के लिए थानावार मजिस्ट्रेट तैनात किए गए है, जिसके तहत होली का पर्व सौहार्दपूर्ण मनाया जा सके।
संजीव ओझा तहसीलदार एटा को कोतवाली नगर, दुर्गेस कुमार तहसीलदार न्यायिक को कोतवाली देहात, फूल सिंह बीडीओ मारहरा को थाना मारहरा, ओमपाल सिंह एडीओ निधौलीकलां को थाना निधौलीकलां, एसएन सिंह कुशवाह डीडीओ को थाना बागवाला, ज्ञान सिंह बीडीओ सकीट को थाना सकीट, सचेन्द्र सिंह चकबंदी अधिकारी को थाना मलावन, राघवेन्द्र सिंह चौहान एडीओ निधौलीकलां को थाना पिलुआ, बिजेन्द्र पाल सिंह एडीओ सकीट को थाना रिजोर, नरेन्द्र कुमार ग्राम विकास अधिकारी मारहरा को थाना मिरहची, विजय कुमार छत्रपति तहसीलदार जलेसर को थाना जलेसर, अजय कुमार पाण्डेय पीडीडीआरडीए को थाना अवागढ़, राजपाल सिंह एई नगर पालिका को थाना शकरौली, रनवीर सिंह तहसीलदार अलीगंज को थाना अलीगंज, रामदत्तराम एएसडीएम को थाना जैथरा, बीएस चौहान बीडीओ को थाना राजा का रामपुर, त्रिलोकनाथ यादव एई नगर पालिका को थाना नयागांव, संजीव कुमार सोलंकी सहायक विअ अलीगंज को थाना जसरथपुर क्षेत्र के लिए तैनात किया गया है।