फिरोजाबाद/टूंडला। कायाकल्प अवार्ड योजना के तहत आगरा मंडल के सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों को पीछे छोड़ कर टूंडला ने प्रथम स्थान हासिल किया है। अवार्ड योजना में अस्पताल को एक लाख रुपये मिलेंगे। पुरस्कार की राशि अस्पताल के सुधार पर खर्च होगी।
प्रधानमंत्री नरेंन्द्र मोदी के मिशन स्वच्छ भारत अभियान को लेकर प्रदेश सरकार ने कायाकल्प अवार्ड योजना की चलाई थी। इसके लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों को एक लाख और जिला अस्पताल को तीन लाख रुपये पुरस्कार देने की घोषणा हुई थी। विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों ने अस्पतालों का निरीक्षण कर सफाई और सुविधाओं पर रिपोर्ट सौंपी थी।
निरीक्षण के बाद प्रदेश में 25 अस्पतालों को कायाकल्प अवार्ड के लिए चयनित किया गया। टूंडला का सीएचसी 11वें पायदान पर है। सीएमओ डॉ.एसके दीक्षित ने कहा टूंडला सीएचसी का कायाकल्प अवार्ड के लिए चयन हुआ है। सीएचसी अधीक्षक डा संजीव वर्मा बधाई के पात्र हैं। आगरा मंडल में सिर्फ टूंडला सीएचसी का चयन हुआ है। पुरस्कार की एक लाख रुपये धनराशि अस्पताल के विकास में खर्च होगी।