मथुरा। बोर्ड परीक्षाओं में नकल के लिए कुख्यात रहे परीक्षा केंद्रों की निगरानी स्पेशल पुलिस फोर्स करेगी। परीक्षाओं में किसी भी प्रकार की गड़बड़ी पर केंद्र व्यवस्था और कक्ष निरीक्षक को जवाबदेह बनाया जाएगा।
नकल को लेकर सरकार की सख्ती ने इस बार परीक्षा केंद्र संचालकों के हलक सुखा दिए हैं। प्रत्येक कक्ष में सीसीटीवी कैमरे की अनिवार्यता ने कॉलेज संचालकों के होश उड़ा दिए हैं अब नकल के लिए कुख्यात परीक्षा केंद्रों की सूची तैयार की जा रही है।
सूबे के शिक्षा मंत्री और उपमुख्यमंत्री दिनेश शर्मा ने अफसरों से वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से स्पष्ट कर दिया है कि इस बार नकल किसी कीमत पर नहीं होने दी जाएगी। जो परीक्षा केंद्र संदिग्ध हैं आप उनकी सूची तैयार कर लें ऐसे परीक्षा केंद्रों की निगरानी पुलिस की स्पेशल टॉस्क फोर्स करेगी।
जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ. अरुण कुमार दुबे ने बताया केंद्र व्यवस्थापकों की दो बैठकों में सरकार की प्राथमिकताओं से अवगत करा दिया गया है। अगले सप्ताह एक बार फिर सभी केंद्र व्यवस्थाओं की बैठक बुलाई जा रही है। इसमें सरकार की मंशा से अवगत करा दिया जाएगा।
जांच रिपोर्ट में मिला सब ‘ओके’
मथुरा। मथुरा में हाईस्कूल और इंटर के कुल 1.16 लाख छात्रों के लिए 153 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। बीते दिनों जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय ने 41 अफसरों की टीम इन परीक्षा केंद्रों की जांच के लिए लगाई थी। इस रिपोर्ट में ऑल इज बेल का दावा किया गया है। इधर विभागीय सूत्र बताते हैं मथुरा में जिस तरह से पहले 10 डिबार केंद्रों को परीक्षा केंद्र बनाने की चूक हुई और फिर आधा दर्जन ऐसे केंद्र बना दिए जिनके छात्रों को परस्पर आवंटित किया गया। ऐसे में साफ है कि यहां नकल माफिया अब भी व्यवस्थाओं पर हावी है।