घिरोर(मैनपुरी)। घना कोहरा और सुस्त पुलिसिंग का फायदा चोर उठा रहे हैं। सोमवार की रात चोरों ने पांच दुकानों के ताले तोड़ कर हजारों की नकदी और सामान चोरी कर लिया। पीड़ित दुकानदारों ने तहरीर दी।
थाना क्षेत्र के जसराना रोड पर नदीम की अंडे और किराना स्टोर की दुकानें हैं। सोमवार रात को घने कोहरे के बीच चोरों ने दुकानों के ताले तोड़ हजारों की नकदी, मसाला, सिगरेट आदि सामान चोरी कर लिया। वहीं चोरों ने दुकान में रखी अंडे की क्रेट को भी तोड़कर नष्ट कर दिया।
चोरों ने टाकीज गली के किनारे इकबाल नेता के खोखा को काटकर हजारों की नकदी और सामान चोरी कर लिया। बीज गोदाम के समीप राशिद का खोखा तोड़ कर नकदी व मोबाइल का सामान, मुख्य मार्ग स्थित पप्पू राठौर के खोखा से नकदी-किराना का सामान चोरी कर लिया। एक ही रात में चोरों ने हजारों की नकदी और सामान पर हाथ साफ कर दिया।
रात्रि गश्त का दावा करने वाली पुलिस को भनक तक नहीं लगी। सभी दुकानदारों ने तहरीर दी। दुकानदारों का कहना है कि पूर्व में हुई चोरियों का भी पुलिस खुलासा नहीं कर सकी है।