अजीतगंज। एक सप्ताह पूर्व गायब हुए दो बच्चे सोमवार को थाने में हुई पंचायत के बाद बुआ के साथ चले गए। बच्चों ने मां के साथ जाने से मना कर दिया। जानकारी के मुताबिक थाना कुरावली क्षेत्र निवासी दिनेश की करीब दो वर्ष पूर्व मौत हो गई थी।
दो बच्चे 12 वर्षीय वर्षा और एक वर्षीय पुत्र करन को छोड़ कर मां भी कहीं चली गई थी। जिसके बाद से ही दोनों बच्चों का भरण पोषण बुआ कुंती निवासी भांवत थाना एलाऊ कर रहीं थीं। एक सप्ताह पूर्व महिला गांव आई और दोनों बच्चों को साथ लेकर चली गई। जिसके बाद बुआ कुंती ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। सोमवार को पुलिस ने महिला व दोनों बच्चों को थाने बुलाया।
बच्चों से बात की गई तो वह मां के साथ जाने को तैयार नहीं थे। जब जोर दिया तो दोनों बच्चे बुआ के साथ जाने की जिद कर रोने लगे। लिखापढ़ी करने के बाद पुलिस ने बच्चों को बुआ कुंती की सुपुदर्गी में दे दिया। थानाध्यक्ष ने बताया कि बच्चे मां के साथ नहीं जाना चाहते थे। दोनों पक्ष राजी हो गए जिसके बाद बच्चे बुआ को ही सौंप दिए गए।