वृंदावन। वृंदावन के ड्रेनेज सिस्टम को दुरुस्त करने के लिए 25 वर्ष पूर्व डाली गई सीवर की राइजिंग लाइन जर्जर हो गई है। राइजिंग लाइन के क्षतिग्रस्त होने से सीवर का गंदा पानी सड़कों पर बहने लगा और मुख्य सड़क पर कई फुट गहरा गड्ढा हो गया। इससे वहां से गुजरने वाले राहगीर बाल बाल बचे। गंदे पानी की दुर्गंध से राहगीर परेशान हैं।
सोमवार दोपहर सीवर की राइजिंग लाइन मथुरा मार्ग पर कांच के मंदिर के पास क्षतिग्रस्त हो गई है। इस कारण मुखर्जी पार्क से गंदा पानी पागल बाबा पंपिंग स्टेशन पर नहीं पहुंचकर सड़क पर बह रहा है। भारी दुर्गंध से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सड़क पर गहरा गड्ढा होने से दुर्घटना का भी खतरा पैदा हो गया है। इधर, सीवर की राइजिंग लाइन क्षतिग्रस्त होने से नगर की सीवर व्यवस्था भी ठप हो गई है। नगर पालिका के जल प्रदाय के जेई दुष्यंत कुमार ने बताया कि सीवर की राइजिंग लाइन बदलने के लिए जल निगम को कई बार प्रस्ताव भेजा जा चुका है।