मथुरा। वाकई बड़ी लापरवाही की है रेलवे वालों ने। मालगाड़ी उखड़े गेट को लेकर पंजाब से यूपी तक आ गई मगर किसी ने ध्यान नहीं दिया। अगर कोई चेक कर लेता तो रास्ते में ही नट बोल्ट कसकर गेट को दुरुस्त किया जा सकता था। वहीं स्टेशन डायरेक्टर ने भी जांच रिपोर्ट डीआरएम को सौंप दी है।
गुरुवार सुबह 11:15 बजे फरह के निकट गांव महुअन के पास जिस मालगाड़ी के डिब्बे का गेट टूट कर गिरा था वह मालगाड़ी पंजाब से अंबाला दिल्ली फरीदाबाद के रास्ते बिलासपुर छत्तीसगढ़ जा रही थी। डीआरएम के पीआरओ संचित त्यागी ने बताया कि जांच रिपोर्ट मिल गई है। रेल लाइन पर मिला लोहे का टुकड़ा गुड्स ट्रेन में सामान चढ़ाने के लिए बने गेट का पार्ट है। उस पार्ट को संरक्षा अधिकारियों को जांच को भेजा है। साथ ही यह भी जांच कराई जा रही है कि गुड्स ट्रेन के क्षतिग्रस्त हालत में गेट की जांच कर उसे पूर्व के स्टेशनों पर सहीं क्यों नहीं किया गया। इसके लिए दिल्ली व अंबाला के रेल यार्ड प्रबंधकों को पत्र लिखकर जवाब मांगा जा रहा है। इस मामले में आगरा में कैंट स्टेशन पर गुड्स ट्रेन को रोक कर जांच कराई गई थी।
फरह स्टेशन मास्टर से पूछताछ
मथुरा। मालगाड़ी के डिब्बे के गेट के टूटकर गिरने के मामले में शुक्रवार को फरह के स्टेशन मास्टर मंटू से घटना को लेकर आगरा में पूछताछ की गई।
लाइन की कराई मरम्मत
मथुरा। मालगाड़ी के डिब्बे का गेट टूटकर गिरने व आगरा दिल्ली पैसेंजर ट्रेन के गुजरने से क्षतिग्रस्त हुई रेल लाइन को शुक्रवार दोपहर को ठीक कर दिया गया। घटना में लाइन के टूटे दो स्लीपरों को बदला। लाइन को मशीन से ठीक किया गया। ट्रेनों को 30 की गति से कौशन देकर गुजारा।