टूंडला। मंगलवार मध्यरात्रि से हो रही लगातार बारिश के बाद नगर की जैनगली में अचानक चार फीट खड़ंजा धंस गया। इससे पास के मकान में दरार आ गयी।
मंगलवार को दिन में हुई रिमझिम-रिमझिम बारिश के बाद रात में झमाझम बारिश से जैनगली गुलाब सिंह बार के पीछे अचानक खड़ंजा धंस गया। सुबह मोहल्ले के लोग सोकर उठे तो गली में करीब चार फीट गहरा गड्ढा और उसमें पानी भरा देख लोग दंग रह गये।
खड़ंजा धंसने के साथ ही गली के एक मकान में दरारें भी आ गई थीं। सूचना पर पालिका परिषद ने मिट्टी भरकर समतल करा दिया। कुछ समय बाद ही पुन: आवाज के साथ मिट्टी नीचे धंस गई। इसके साथ ही दोनों साइड के मकान इंदिरा सिंधी व मुनेंद्र शिवहरे व एक अन्य के मकानों में दरारें आ गयी।
लोगों का कहना है कि किसी समय में वहां कुआं रहा होगा। अगर जल्द ही कोई व्यवस्था नहीं की गयी तो आसपास के मकान भी उसकी चपेट में आ सकते हैं। मोहल्ले के लोगों ने पालिका प्रशासन ने अनहोनी की आशंका व्यक्त करते हुए मकानों के धंसे उससे पूर्व समुचित व्यवस्था कराने की मांग की है।