पटियाली में दोहरे हत्या के मामले में पुलिस की लापरवाही पर सवाल खड़े हुए हैं। कोतवाली पुलिस की लापरवाही सामने आने पर पुलिस अधीक्षक सुनील कुमार सिंह ने पटियाली के थाना प्रभारी को लाइन हाजिर कर दिया है। उनके स्थान पर नई तैनाती की गई है। हत्या की पृष्ठभूमि में जुए सट्टे से जुड़े लेन देन का मामला प्रकाश में आने के बाद एसपी ने पूरे मामले की जांच के लिए सीओ पटियाली को निर्देश दिए हैं।
पटियालर में गुरुवार को हत्या और प्रतिशोध में हत्या के मामले से कस्बे में तनाव के हालात पैदा हो गए थे। घटना के बाद डीआईजी आरपीएस यादव, डीएम आरपी सिंह एवं एसपी सुनील कुमार सिंह मौके पर पहुंचे थे। उन्होंने पूरे घटनाक्रम की जांच की तो कोतवाली पुलिस की लापरवाही सामने आई। बताया गया कि दोनों पक्षों के बीच पांच दिन पहले झड़प होने के बाद कोतवाली पुलिस से शिकायत की गई, लेकिन कोतवाली पुलिस ने मामले को गंभीरता से नहीं लिया। रवि की हत्या के बाद परिवारीजनों ने चौराहे पर जाम लगाया। इस समय भी कोतवाली पुलिस त्वरित कार्रवाई नहीं की गई। आक्रोश को देखकर कोतवाली पुलिस उल्हे पांव लौट गई। घटना से पहले और घटना के बाद दोनों ही स्थिति में कोतवाली पुलिस की भूमिका संतोषजनक नहीं रही। ऐसी स्थिति में कोतवाली निरीक्षक विनोद चाहर को पुलिस अधीक्षक ने लाइन हाजिर कर दिया। एसपी सुनील कुमार सिंह ने बताया कि लेन-देन के पीछे जुए सट्टे की बात सामने आई है। इन सब बिंदुओं पर विस्तृत जांच की जिम्मेदारी सीओ पटियाली को सौंपी गई है। उन्होंने बताया कि पटियाली में इंस्पेक्टर सुरेश कुमार को तैनात किया गया है।