टूंडला (फिरोजाबाद)। कानपुर रेलखंड पर गुरुवार को मुरी एक्सप्रेस में लूटपाट की सूचना मिलने से रेलवे प्रशासन में हड़कंप मच गया। रेलवे पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर जांच की तो मामला सीट पर बैठने को लेकर यात्रियों में मारपीट का निकला। इस कारण झींझक रेलवे स्टेशन के पास ट्रेन करीब एक घंटे तक खड़ी रही।
टाटा नगर से चलकर जम्मूतवी जा रही 18101 मुरी एक्सप्रेस में कानपुर रेलखंड के झींझक रेलवे स्टेशन के समीप लूटपाट की सूचना मुख्य नियंत्रण कक्ष को मिली। रेल अधिकारियों ने आननफानन में रेलवे पुलिस को मौके पर पहुंचने के निर्देश दिए। रेलवे पुलिस भी घटनास्थल की ओर दौड़ पड़ी, लेकिन कुछ ही देर बाद ट्रेन में ड्यूटी पर मौजूद कोच कंडक्टर ने टूंडला नियंत्रण कक्ष को मैसेज दिया कि इंजन से तीसरी बोगी में सीट पर बैठने को लेकर यात्रियों में मारपीट हो गई थी, लूटपाट जैसी कोई घटना की जानकारी नहीं हो सकी है। इस घटना के चलते मुरी एक्सप्रेस अप रेलट्रैक पर लगभग एक घंटे तक खड़ी रही।