मथुरा। जीएसटी को लेकर व्यापारियों के समक्ष आ रही कठिनाइयों को सुलझाने के लिए भाजपा गोष्ठी का आयोजन कर रही है। 22 जुलाई को इस आयोजन में विभागीय अधिकारियों के साथ कैबिनेट मंत्री श्रीकांत शर्मा भी मौजूद रहेंगे।
भाजपा जिलाध्यक्ष तेजवीर सिंह की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में गोष्ठी से व्यापारियों को अधिक से अधिक संख्या में जोड़ने पर चर्चा की गई। कहा गया कि गोष्ठी में सिर्फ भाजपा से जुडे़ व्यापारियों की मौजूदगी न रह जाए। आम व्यापारियों को भी इससे जोड़ने पर ज्यादा बल दिया गया।
जिला मीडिया प्रभारी प्रदीप गोस्वामी ने बताया कि 22 जुलाई को शाम चार बजे यह गोष्ठी होटल ड्यूक पैलेस में होगी। इसके संयोजक राजकुमार अग्रवाल होंगे। पूर्व मंत्री रविकांत गर्ग, ब्रज प्रांत कोषाध्यक्ष विनोद अग्रवाल, मुकेश खंडेलवाल, मदन मोहन श्रीवास्तव, गंभीर गुर्जर, हेमंत खंदौली आदि मौजूद रहे।