फिरोजाबाद। दंत चिकित्सक बुधवार को लापता हो गया। चिकित्सक की पत्नी से पूछताछ करने के साथ ही पुलिस जांच में जुट गई लेकिन देर शाम तक उसका कोई पता नहीं लग सका।
दंत चिकित्सक सर्वेश बंसल (38) पत्नी और बच्चों के साथ नई बस्ती स्थित सुरजीत अपार्टमेंट में रहते हैं। उनकी पत्नी गुंजन बंसल भी चिकित्सक हैं। दोनों का पुराने डाकघर के शिवाजी मार्ग पर क्लीनिक है।
डॉ. सर्वेश बंसल बुधवार सुबह करीब 11 बजे क्लीनिक पर गए थे। दोपहर 12 बजे क्लीनिक पर काम करने वाला वसीम निवासी सैलई चिकित्सक के बच्चों को लेने स्कूल जा रहा था तभी चिकित्सक भी उसके साथ बस स्टैंड पर पहुंचे। उन्होंने अपना मोबाइल फोन और एक लिफाफा वसीम देते घर पहुंचाने की बात कहते हुए बच्चों को लाने के लिए भेज दिया।
वसीम जब बच्चों को स्कूल से घर लेकर पहुंचा तो चिकित्सक की पत्नी को फोन और कागज थमा दिए। पत्नी ने पति के बारे में पूछताछ की तो वसीम ने बताया कि वह बस स्टैंड पर उतर गए थे। इस पर पत्नी ने उसे फिर से बस स्टैंड भेज दिया। वसीम बस स्टैंड पहुंचा तो चिकित्सक नहीं मिले।
वसीम ने इसकी जानकारी चिकित्सक की पत्नी को दी। पत्नी डॉ. गुंजन ने परिवारीजनों के साथ पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने डॉ. गुंजन अग्रवाल से पूछताछ करने के साथ ही चिकित्सक की तलाश की लेकिन कोई पता नहीं लग सका।
एसपी सिटी राजेश कुमार सिंह ने बताया कि चिकित्सक न तो लापता हुए हैं और न ही उनका अपहरण हुआ है। पारिवारिक विवाद के चलते वह अपनी मर्जी से गए हैं। अपने नौकर को लिफाफे में मोबाइल और अन्य कागज बंद करके बस स्टैंड से कहीं चले गए हैं। तहरीर आती है तो गुमशुदगी दर्ज कराकर चिकित्सक की तलाश कराई जाएगी।