औंछा/बिछवां (मैनपुरी)। ग्राम पंचायत मधन में लगा मजरा नगला उदू इन दिनों बदहाल है। यहां की गलियों में कीचड़ भरा रहता है। इससे परेशान ग्रामीणों ने शुक्रवार को पोलियो दिवस पर गांव पहुंची पोलियो पिलाने वाली टीम से ड्राप पिलाने को मना कर दिया। वहीं, गांव किन्हावर के मजरा रंगपुर व नगला कलू में विद्युतीकरण नहीं होने पर ग्रामीणों ने पोलियो दिवस का बहिष्कार कर दिया। मौके पर पहुंचे अधिकारियों के समझाने पर बच्चों को दवा पिलाई।
ग्राम पंचायत मधन में लगा मजरा की आबादी 1200 है। गांव में जाने के लिए रास्ता कच्चा पड़ा है, जिसमें वर्ष भर कीचड़ भरा रहता है। बारिश के मौसम में गांव के लोगों का जीवन और भी नरकीय हो जाता है। गांव में जाने वाला घिरोर-कुरावली सड़क से रास्ता पक्का न होने से परेशान ग्रामीणों ने गांव में पोलियो पिलाने आई टीम से बच्चों को दवा पिलाने का बहिष्कार किया। ग्रामीणों का कहना है कि 2015 में लोकनिर्माण विभाग में इस रास्ते को पक्का कराने का प्रस्ताव पारित हुआ था, लेकिन आज तक गांव का रास्ता पक्का नहीं हुआ है।
ग्रामवासी जितेंद्र कुमार, सिंगराम, अंगद सिंह, करन सिंह, प्रवीन सिंह, उदयवीर, रघुवेंद्र सिंह, सत्यराम सिंह आदि ने जिलाधिकारी से सड़क को पक्का कराने की मांग की है।
बिछवां के क्षेत्र के मजरा रंगपुर व नगला कलू में विद्युतीकरण न होने से ग्रामीणों ने शुक्रवार को पोलियो दिवस का बहिष्कार कर दिया। जानकारी प्रभारी चिकित्साधिकारी डाक्टर पपेंद्र कुमार ने भोगांव तहसीलदार हेमचंद्र को दी। मौके पर पहुंचे अधिकारियों ने विद्युतीकरण का आश्वासन देकर बच्चों को पोलियो की खुराक पिलवाई।