मैनपुरी। जिला बेसिक शिक्षाधिकारी कार्यालय में शिक्षिकों की उपस्थित जांचने के लिए कंट्रोल रूम खोला गया है। कंट्रोल रूम से फोन करने पर पता चला कि तीन शिक्षक अनुपस्थित हैं। बीएसए ने इन्हें नोटिस जारी कर जवाब मांगा है। बताया कि सही जवाब न मिलने पर तीनों का वेतन रोकने आदि की कार्रवाई की जाएगी।
बीएसए कार्यालय में 16 मई से कंट्रोल रूम स्थापित है। इससे अभी तक लगभग 200 स्कूलों की हाजिरी ली जा चुकी है। वहीं सोमवार को हाजिरी लेने पर पता चला कि बरनाहल ब्लाक स्थित पूर्व माध्यमिक विद्यालय हकीमपुर में शिक्षक सुनील कुमार और अवधेश कुमार स्कूल नहीं आए हैं। वहीं मैनपुरी ब्लाक के प्राथमिक विद्यालय घुसुपुर में एक शिक्षक अनुपस्थित रहे।
बीएसए रामकरन यादव ने तीनों को कारण बताओ नोटिस जारी करते हुए दो दिन में स्पष्टीकरण मांगा है। बताया कि जवाब नहीं आने पर तीनों का वेतन रोक दिया जाएगा। निलंबन की भी कार्रवाई संभव है।